सहारनपुर। कांवड़ियों को 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने गागलहेड़ी से शाहजहांपुर तक 15 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर लगाए हैं। इनमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। इनके अलावा जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में दस-दस बेड रिजर्व किए गए।
कांवड़ यात्रा की शुरूआत हो गई है। हालांकि जिले में हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों की भीड़ अभी कम है। स्वास्थ्य विभाग ने जगह चिह्नित कर स्वास्थ्य कांवड़ शिविर लगा दिए हैं। 15 कांवड़ स्वास्थ्य शिविर में 40 डॉक्टर, 31 फार्मासिस्ट और 46 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। शिविर में कांवड़ियों को 24 घंटे की स्वास्थ्य सुविधाएं मिले, इसके लिए डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और कर्मचारियों को अलग-अलग शिफ्टों में तैनात कर दिया हैं। नकुड़ तिराहा, गागलहेड़ी और सरसावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तीन मोबाइल यूनिट खड़ी रहेंगी। कांवड़ियों के लिए जिला अस्पताल व राजकीय मेडिकल कॉलेज में दस-दस बेड तैयार किए हैं।
यहां बनाए गए कंट्रोल रूम
स्वास्थ्य कांवड़ शिविरों पर निगरानी के लिए दो स्थानों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट और जिला अस्पताल में कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। यहां से सभी कांवड़ स्वास्थ्य शिविरों पर नजर रखी जाएगी।
यहां लगाए गए स्वास्थ्य कांवड़ शिविर
देहरादून रोड पर ढाल्ला चौराहा, गागलहेड़ी, कैलाशपुर, नौगजा पीर, खालसा पब्लिक स्कूल, सत्संग भवन, भूतेश्वर मंदिर, रिमाउंट डिपो, अंबाला रोड पर नकुड़ तिराहा, पिलखनी कैंप, सौराणा मंदिर, सरसावा सीएचसी, शाहजहांपुर, रेलवे स्टेशन सहारनपुर, रेलवे स्टेशन टपरी।
देहरादून और अंबाला रोड पर कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य कांवड़ शिविर लगा दिए हैं। इनमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट और स्वास्थ्य कर्मियों को तैनात किया गया है। सभी शिफ्टवार ड्यूटी करेंगे। 26 जुलाई तक शिविर लगे रहेंगे।
- डॉ संजीव मांगलिक, सीएमओ