सहारनपुर में कांवड़ लेकर अंबाला की और बढ़ते कांवड़िये
सहारनपुर। महाशिवरात्रि को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों के साथ लौट रहे हैं। इसके साथ ही शिवालयों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
महाशिवरात्रि पर्व शनिवार को मनाया जाएगा। महानगर में श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, श्री औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, श्री विश्रामपुरी काल भैरव सहित अनेक मंदिरों में सुबह से जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगती है। इसको लेकर मंदिर समितियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसके साथ ही शिवालयों को रंग-बिरंगी लाइटों से भी सजाया जाएगा। वहीं, हरिद्वार से हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी यूपी के जिलों के कांवड़िये भी जल लेकर लौट रहे हैं। हाईवे पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं।
सीसीटीवी से होगी निगरानी
महाशिवरात्रि पर शिवालयों में पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसको लेकर एसएसपी ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए हैं, जिन शिवालयों में ज्यादा भीड़ होती है, वहां पुलिस सीसीटीवी से भी नजर रखेगी। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।