सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर के एक पुलिस अधिकारी के बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। सहारनपुर सांसद इमरान मसूद ने कहा कि कांवड़ यात्रा सभी के लिए आस्था का केंद्र हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। क्योंकि, इन्होंने माहौल खराब करने की कोशिश की है।
दरअसल, मुजफ्फरनगर के एक पुलिस अधिकारी ने बयान दिया था कि कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानों और ढाबों पर मालिक अपना नाम लिखें। इस बयान के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पलटवार करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा सभी के लिए आस्था केंद्र हैं। सर्व समाज के लोग कांवड़ यात्रा का स्वागत करते हैं। हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि सभी यात्रा के सकुशल संपन्न कराने में सहयोग करें। आस्था से किसी तरह का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए, लेकिन पुलिस अधिकारी ने गलत बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश की है। ऐसे पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस तरह के बयानों से आपसी सौहार्द खराब होता है।