सहारनपुर। कांवड़ यात्रा की वजह से हुए रूट डायवर्जन और पांच दिन से हो रही बारिश से न्यायालय का कार्य प्रभावित हुआ है। वादकारी समय से नहीं पहुंच पा रहे हैं।
दीवानी कचहरी परिसर में भरा पानी परेशानी का सबब बना है। पानी की निकासी की व्यवस्था न होने की वजह से अधिवक्ताओं और नागरिकों को दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पूर्व में अधिवक्ता इस समस्या को कई बार उठा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थिति इतनी खराब है कि दीवानी कचहरी परिसर तालाब बन गया है। अधिवक्ताओं के चैंबर भी दो दिन से जलमग्न हैं, जिस कारण वह चैंबर में नहीं बैठ पा रहे हैं। परेशानी के चलते अधिवक्ता एसोसिएशन को न्यायिक कार्यों से विरत रहने की घोषणा करनी पड़ी। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद शर्मा का कहना है कि समस्या का समाधान होना चाहिए। नगर निगम को पानी की निकासी की व्यवस्था करानी चाहिए।