सहारनपुर। ट्यूबवेल कनेक्शन के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेने वाले अवर अभियंता सुमित कुमार पर विभागीय गाज गिर गई है। अवर अभियंता पर मुकदमा दर्ज होने के बाद निगम के उच्च अधिकारियों ने उसे निलंबित कर दिया है।
थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव जड़ौदा पांडा निवासी निपण उर्फ कमल पुत्र राजबल त्यागी को ट्यूबवैल के लिए विद्युत कनेक्शन लेना था। उसके लिए उसने 26 जून को ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद विद्युत उपकेंद्र जड़ौदा पांडा में तैनात अवर अभियंता सुमित कुमार से संपर्क किया। कमल के मुताबिक, उससे अवर अभियंता ने दस हजार रुपये की मांग की। जिसकी शिकायत उसने भष्ट्राचार निवारण संगठन की सहारनपुर शाखा में की थी। इसके बाद बृहस्पतिवार को एंटी करप्शन की टीम ने अवर अभियंता को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों को गिरफ्तार किया था। बड़गांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके आधार पर विद्युत निगम ने अवर अभियंता निलंबित कर दिया है। मुख्य अभियंता सुनील कुमार अग्रवाल ने बताया कि शासन को अवगत कराकर अवर अभियंता का निलंबन किया है।