नकुड़। संपूर्ण समाधान दिवस में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से न लेने व कार्यों में लापरवाही बरतने पर एसडीएम संगीता राघव ने एक लेखपाल को निलंबित कर दिया। जबकि तीन लेखपालों को प्रतिकूल प्रविष्टि व दो राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
एसडीएम संगीता राघव ने बताया कि गांव शुक्रताल के हल्का लेखपाल मोहम्मद काशिफ ने बीते 16 मार्च को संपूर्ण समाधान दिवस की एक शिकायत का निस्तारण नहीं किया था। पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से न लेने व अपना मोबाइल बंद रखने के आरोप भी लेखपाल पर लगे हैं। इसके कारण लेखपाल को तत्काल प्रभाव ने निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम ने बताया कि इसके अलावा तहसील के तीन अन्य लेखपालों को सरकारी कार्यों में लापरवाही पर प्रतिकूल प्रविष्टि व दो राजस्व निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने सरकारी व जनशिकायतों से संबंधित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसडीएम की इस कार्रवाई से तहसील कर्मियों में हड़कंप मचा है।