सहारनपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा 29 अप्रैल को जनपद के 11 केंद्रों पर होगी। परीक्षा को लेकर विभागीय स्तर से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा बैठक कर केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा निर्देश दिए जा चुके हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक योगराज सिंह ने बताया कि परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से होगी। परीक्षा केंद्र के भीतर केंद्र व्यवस्थापक ही मोबाइल ले जा सकेंगे। बाकी परीक्षार्थियों, कक्ष निरीक्षकों और कर्मचारियों के मोबाइल ले जाने पर पाबंदी रहेगी। परीक्षा संपन्न होने के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाएं एकत्र करने के बाद परीक्षार्थी कक्ष छोड़ सकेंगे। केंद्रों के आसपास कोई साइबर कैफे या फोटो स्टेट की दुकान नहीं खुलेगी। साथ ही कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन भी किया जाएगा। परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए दो सचल दल बनाए गए हैं। इनमें एक दल जिला विद्यालय निरीक्षक का होगा, जबकि दूसरा जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय का रहेगा।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
प्रवेश परीक्षा के लिए जिन कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। उनमें सियाराम इंटर कॉलेज गागलहेड़ी, एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर, जनता इंटर कॉलेज बेहट, राजकीय इंटर कॉलेज सहारनपुर, जनता इंटर कॉलेज नागल, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज देवबंद, गोचर कृषि इंटर कॉलेज रामपुर मनिहारान, किसान सेवक इंटर कॉलेज नानौता, एचआर इंटर कॉलेज गंगोह, केएलजीएम इंटर कॉलेज नकुड़ और डीसी जैन इंटर कॉलेज सरसावा शामिल हैं।