सहारनपुर। थाना मिर्जापुर में पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल के चारों बेटों पर दर्ज हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस को अदालत से दो दिन की रिमांड मिल गई है। इस मामले में नामजद हाजी इकबाल के भाई पूर्व एमएलसी के भी वारंट जारी हुए। इसके तहत चित्रकूट जेल में बंद महमूद अली के बयान पुलिस वहीं जाकर दर्ज करेगी।
बता दें, कि थाना मिर्जापुर में दो दिन पूर्व जनपद बागपत निवासी महिला ने दुष्कर्म के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि 2021 में अलग-अलग दिनों में हाजी इकबाल के बेटे वाजिद, जावेद, अलीशान, अफजाल और भाई पूर्व एमएलसी उसके साथ दुष्कर्म किया। सामूहिक दुष्कर्म का भी आरोप लगाया। इकबाल के बेटों को रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय व विशेष न्यायाधीश एमपीएमएलए कोर्ट की न्यायाधीश प्रियंका वर्मा की अदालत में पुलिस ने प्रार्थनापत्र लगाया। शनिवार को इकबाल के चारों बेटों को अदालत में पेश किया गया। विशेष लोक अभियोजक और इकबाल के बेटों के बीच बहस हुई। चारों ने इस केस को साजिश के तहत दर्ज करना बताया। हालांकि अदालत ने चारों को दो दिन की रिमांड पर पुलिस को दे दिया है, जबकि पूर्व एमएलसी महमूद अली चित्रकूट जेल में बंद हैं। उनके वहीं जाकर बयान दर्ज कराने के आदेश दिए। उधर, 2021 में हुए घटनाक्रम को लेकर यूनिवर्सिटी की सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्ड रजिस्टर भी खंगाला जाएगा।
-
षड्यंत्र के तहत कराया झूठा केस
उधर, हाजी इकबाल की पत्नी फरीदा बेगम का कहना है कि षड्यंत्र के तहत उसे बेटों और देवर पर झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसकी शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से की जाएगी। पूर्व में इसी तरह कई झूठे केस दर्ज कराए थे, जिनमें कई मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने खत्म करते हुए उनको राहत दी थी।
पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने उठाए सवाल
सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने भी सवाल उठाए हैं। फेसबुक पेज पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैंने अपने देश के अलावा किसी भी देश में नहीं सुना कि एक परिवार के सभी सदस्य अपनी नौकरानी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करेंगे। क्या देश में शर्म लिहाज खत्म हो गई है। क्या आईपीएस को ट्रेनिंग के समय झूठा सामूहिक दुष्कर्म लिखवाना भी सिखाया जाता है। उन्होंने अधिकारियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों पर भी सवाल खड़े किए हैं। पूछा कि तत्कालीन अधिकारी बताओ की इकबाल से दक्षिणा नहीं ली। अगर कहीं इकबाल मिल जाए तो उसका नार्काें टेस्ट करा लेना, सब सामने आ जाएगा कि क्या-क्या किसने स्वीकार की। यह भी लिखा कि सच्चाई के लिए मुझे भी सहना पड़ सकता है।