सहारनपुर। निवेशक जनपद में उद्योग लगाने के लिए खासा उत्साह दिखा रहे हैं। इसके चलते पिछले तीन दिनों में 257 करोड़ के निवेश के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। जनपद में अब निवेश 5736 करोड़ से बढ़कर 5993 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसमें सबसे अधिक निवेश खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां के लिए हुआ है।
जनपद में 13 जनवरी को दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन हुआ था। इनमें निवेशकों को सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा उद्योगों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। जनपद में 13 जनवरी को हुई जनपदीय इन्वेस्टर्स समिट में 5736 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर समझौता ज्ञापन हस्ताक्षरित हुए थे। इस निवेश से जनपद में 115 इकाइयां लगाने की योजना है। प्रदेश सरकार ने जनपद को 5250 करोड़ रुपये के निवेश कराने का लक्ष्य दिया गया है। इस कार्यक्रम के तीन दिनों के अंदर ही जनपद में निवेश होने वाली धनराशि में 257 करोड़ रुपये का इजाफा हो चुका है।
जनपद में निवेशकों ने अब तक जिले में 5993 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं, जो लक्ष्य से अधिक हैं। फरवरी महीने में लखनऊ में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के होने तक निवेश की राशि बढ़ने की संभावना है। सिद्धार्थ यादव, उपायुक्त उद्योग।
तीन दिन में बढ़े निवेश की स्थिति (करोड़ रुपये) में
उत्पाद इकाई निवेश
खाद्य प्रसंस्करण 15 156
काष्ठ कला उद्योग 11 76
अन्य 05 25
नोट: उद्योग विभाग के आंकड़ों के अनुसार।