-सहारनपुर, चुड़ियाला और लंढौरा रेलवे स्टेशन की समस्याओं को उठाया
-मंडल सलाहकार समिति सदस्य ने सीनियर डीसीएम को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मंडल सलाहकार समिति सदस्य ने सहारनपुर, चुड़ियाला और लंढौरा रेलवे स्टेशन की समस्याओं को उठाया। सहारनपुर से लखनऊ के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाई जाए। उन्होंने इस संबंध में सीनियर डीसीएम मुरादाबाद को पत्र लिखा है।
मंडल सलाहकार समिति सदस्य नरेंद्र खोटियान ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि सहारनपुर रेलवे स्टेशन से सुबह आठ बजे एक इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चले तो यात्रियों को राहत मिलेगी। चुड़ियाला रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर टीनशेड नहीं है। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यहीं नहीं पानी के लिए पूरे स्टेशन पर केवल दो नल है, जिसमें से एक खराब है, जबकि यहां चार हैंडपंप की जरूरत है। शौचालय भी नहीं है।
लंढौरा रेलवे स्टेशन पर टीन शेड जगह-जगह से टूटी हुई है, जिससे बारिश में यात्रियों को परेशानी होती है। चार हैंडपंप है, जिनमें से दो खराब हैं। कोरोना काल से एक शौचालय बंद पड़ा है। इन सब समस्याओं का समाधान किया जाए।