सहारनपुर। भारत को 2025 तक टीबी मुक्त करने का लक्ष्य है। टीबी रोगियों को पौष्टिक आहार देने के लिए जनपद की कई संस्थाएं आगे आई हैं। वह संस्थाएं निक्षय पोर्टल से भी जुड़ गई हैं। अब गोद लिए मरीजों को अगले माह पोषण किट का वितरण करेंगी।
मंगलवार को जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक के समक्ष हैंडस टू केयर वेलफेयर सोसाइटी, रोटरी क्लब, एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया, आह्वान, रंगयात्रा एवं समाजसेवी सरदार हरप्रीत सिंह सहित सभी संस्थाओं ने टीबी मरीजों को प्रति माह प्रोटीन युक्त सामग्री पौष्टिक आहार की किट मूंगफली, भुने चने, तिल, गुड, बोर्नविटा देने के लिए सहमति दी। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संस्थाओं का आभार जताया और जनपद की अन्य संस्थाओं से भी इस पुनीत कार्य में सहयोग करने की अपील की।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में ही सभी संस्थाओं ने निक्षय पोर्टल पर स्वयं अपनी संस्था की एंट्री करके ऑनलाइन सहमति भी दर्ज कर दी है। फरवरी में टीबी सेनेटोरियम के सभागार में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में कार्यक्रम कर संस्थाओं द्वारा गोद लिए जाने वाले मरीजों को बुलाकर पोषण किट वितरित की जाएगी।
इस अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़, डॉ. कुणाल जैन, मुकेश कुमार, परवेंद्र यादव, एमपी सिंह चावला, डॉ. रमनदीप सिंह, गौरव गाबा, सुशील सड़ाना, अनमोल मल्होत्रा, एससी सपड़ा, कामिनी, दिनेश तेजियान, सरदार हरप्रीत सिंह गोगिया आदि मौजूद रहे।