सहारनपुर। ढमोला नदी से सिल्ट सफाई एवं पैचिंग कार्य काे लेकर आयोजित बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि दो दिन के अंदर भौतिक निरीक्षण कर कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि सिंचाई विभाग एवं नगर निगम अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए समस्या का त्वरित निस्तारण करें।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इसके लिए संयुक्त कार्ययोजना बनाई जाए। स्थाई समाधान के लिए सर्वे कर 15 दिन के अंदर डीपीआर तैयार की जाए। महापौर डॉ.अजय कुमार सिंह ने कहा कि बाढ़ की समस्या के निस्तारण के लिए स्थाई समाधान तलाशने के साथ ही वर्तमान में बरसात में होने वाली समस्या से बचाव के लिए जल्द अस्थाई समाधान किया जाए।
विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए त्वरित कार्यवाही करने की आवश्यकता है। साथ ही संबंधित विभाग स्थाई हल निकालने के लिए कार्यवाही करें। नगर आयुक्त संजय चौहान ने कहा कि सौंपे गए कार्यों को यथाशीघ्र पूरा किया जाएगा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार सहित सिंचाई एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।