उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में नागल क्षेत्र के गांव दगडोली में मंगलवार को दिन निकलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। यहां किसी शरारती तत्व ने रविदास मंदिर में मूर्ति को खंडित कर माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की। वहीं मामले की जानकारी लगने पर पुलिस सयय से मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस द्वारा मंदिर में नई मूर्ति स्थापित करा दी गई।
यह है पूरा मामला
मंगलवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान मनोज कुमार को सूचना दी कि मंदिर में संत शिरोमणि रविदास की मूर्ति को खंडित कर दिया है। ग्राम प्रधान अन्य लोगों को लेकर मंदिर पहुंचे और आपस में बातचीत की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और थानाध्यक्ष बीनू चौधरी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे व घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराया
भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने पुलिस के सामने भी हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि असामाजिक तत्वों ने मूर्ति खंडित कर गांव का माहौल बिगाड़ने कोशिश की है। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए शांत करा दिया और मंदिर में नई मूर्ति स्थापित करा दी गई।