आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग का मामला मान रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद (सहारनपुर)। ईस्सरपुर ग्राम पंचायत के मजरा गढ़ी में शनिवार की रात एक युवक ने तमंचे से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। चर्चा है कि युवक आत्महत्या से ठीक पूर्व फोन पर किसी से बात कर रहा था। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
गढ़ी गांव निवासी रिहान (21) पुत्र मुंतजिर के कमरे से शनिवार की रात्रि करीब डेढ़ बजे घरवालों ने अचानक गोली चलने की आवाज सुनी। परिजन दौड़कर रिहान के कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके सीने में गोली लगी हुई थी। घरवालों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर आ गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रणखंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी प्राप्त की। पुलिस को कमरे से बरामद रिहान के फोन की जांच करने से पता चला कि आत्महत्या से ठीक पहले वह किसी से बात कर रहा था। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते ही युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है। कोतवाल एचएन सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का है। तमंचे से गोली चलाई गई है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
घर में सबसे छोटा था रिहान
रिहान अपने घर में सबसे छोटा था। रिहान के तीन बड़े भाई हैं जो विदेश में नौकरी करते हैं। एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। रिहान के पिता किसान हैं और खेती बाड़ी करते हैं। बताया जाता है कि रिहान ने पढ़ाई पूरी करने के बाद देवबंद में दुकान की थी लेकिन कुछ समय बाद दुकान बंद हो गई थी। जिसके बाद से वह खाली था। अचानक जवान बेटे द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।