सहारनपुर। रेलवे रोड स्थित नगर निगम की दुकानों के ऊपर अवैैध रूप से बनी दुकानें ध्वस्त की जाएंगी। नगर आयुक्त गजल भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को अवैैध दुकानें गिराने के साथ ही संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं, जिसके बाद से संबंधित दुकानदारों में खलबली है।
बृहस्पतिवार को अपर नगर आयुक्त राजेेश यादव अतिक्रमणरोधी दस्ते को साथ लेकर निर्माणाधीन स्मार्ट रोड (रेलवे रोड) पर पहुंचे। उनके साथ प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम, कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव भी रहे। रेलवे रोड पर नगर निगम की करीब तीन दर्जन दुकानें हैं। अतिक्रमण हटाने के दौरान अधिकारियों ने देखा कि नगर निगम की दुकानों के ऊपर अनेक आवंटियों ने अवैध रूप से निर्माण किए हुए हैं। इसकी सूचना नगर आयुक्त गजल भारद्वाज को दी गई। उन्होंने मौके पर जाकर स्थिति को देखा और संबंधित अधिकारियों को निगम की दुकानों के ऊपर अवैैध रूप से बनाई गई दुकानों को ध्वस्त करने तथा संबंधित दुकानदारों के विरुद्घ भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आवंटन भी हो सकता है रद्द
अभियान के दौरान नगर निगम की दुकानों के ऊपर अवैध रूप से बनी दुकान में अनैतिक कार्य होने के प्रमाण मिले। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस बात से भी निगम के अधिकारी खासे नाराज हैं। इसीलिए भी अवैध रूप से बनी दुकानों को ध्वस्त करने और दुकानदारों पर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि ऐसे दुकानदारों का आवंटन भी रद्द किया जाएगा।