- खनन में हो एनजीटी के आदेशों का पूर्णतया पालन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि जनपद में किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों केे विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन में संलिप्त वाहनों और क्रशरों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में अवैध खनन, परिवहन के संबंध में जनपद के पट्टाधारक, भण्डारणकर्ता, क्रेशर स्वामी एवं वाहन स्वामियों के साथ बैठक हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि खनन करते समय एनजीटी के दिशा निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाए। उन्होंने जनपद में संचालित पट्टाधारक एवं भंडारण कर्ताओं को पर्यावरण अनापत्ति प्रमाण पत्र आदि के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन को रोकने के लिए जिला खनन टास्कफोर्स के पदाधिकारी व सदस्यों को क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, खनन अधिकारी रणवीर सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डीसी पाण्डेय, स्टोन क्रेशर स्वामी प्रदीप कुमार सिंघल, राजीव चौधरी, विजय कुमार, अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।