आरपीएफ ने ई-टिकट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। खाताखेड़ी से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से लैपटॉप और 43,955 रुपये कीमत के 19 ई-टिकट बरामद किए हैं। आरपीएफ ने आरोपी का रेलवे एक्ट की धाराओं में चालान किया है।
आरपीएफ को सूचना मिली कि खाताखेड़ी क्षेत्र में एक दुकान पर रेलवे के ई-टिकट बनाए जा रहे हैं। इस पर आरपीएफ थाना प्रभारी मोहित त्यागी ने टीम के साथ खाताखेड़ी में छापा मारा। कार्रवाई के दौरान खाताखेड़ी में सोनू इंटरप्राइजेज के यहां से इंतजार अहमद पुत्र जमील अहमद को गिरफ्तार किया।
इसके पास से 19 ई-टिकट बरामद हुए। जिनकी कीमत 43,955 रुपये है। इसके साथ ही उससे एक लैपटॉप भी बरामद हुआ है, जिससे वह ई-टिकट बुक करता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले पांच सालों से रेलवे ई-टिकट बनाने का काम करता आया है।
इस दौरान 206 व्यक्तिगत यूजर आईडी का इस्तेमाल किया है। अब तक 29,25,490 रुपये की कीमत के 1828 रेलवे आरक्षित टिकट बुक किए हैं। आरपीएफ थाना प्रभारी मोहित त्यागी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है।
पांच साल तक नहीं लगी भनक
खाताखेड़ी में पिछले पांच सालों से रेलवे के अवैध आरक्षित टिकट बुक किए जा रहे है। लेकिन रेलवे पुलिस को भनक तक नहीं लगी। इससे रेलवे को खासा नुकसान हुआ।