सहारनपुर। शादियों के सीजन में नए नोटों को लेकर बाजार में जमकर कालाबाजारी हो रही है। बैंक में भी 10-10 के नए नोटों की किल्लत है, लेकिन बाजार में कुछ दुकानदार मनमाने दामों पर नए नोटों की गड्डी उपलब्ध करा रहे हैं। अमर उजाला ने शनिवार को शहर के अलग-अलग स्थानों पर जाकर 10,20 और 50 के नोट को लेकर पड़ताल की, जिसमें सामने आया कि 10 के नोट की एक हजार रुपये की गड्डी 1500 से 1700 रुपये तक बेची जा रही है।
अमर उजाला टीम सबसे पहले सराफा बाजार में पहुंची। यहां पर एक दुकानदार से बातचीत की। पहले तो दुकानदार ने मना कर दिया, लेकिन बाद में तैयार हुआ कि 10-10 के नोटों की गड्डी मिल जाएगी, लेकिन एक हजार के बदले 1500 रुपये देने होंगे। इसी बाजार में दूसरे दुकानदार के पास पहुंचा तो उसने बताया कि 20 रुपयों के नोटों की गड्डी उपलब्ध हो जाएगी। एक हजार की गड्डी पर 250 रुपये ज्यादा देने होंगे। इससे कम में नहीं दी जा सकती। जब टीम ने दुकानदार से पूछा कि बैंक में नोट नहीं है, आप कहां से उपलब्ध कराओगे। इस पर दुकानदार ने तपाक से कहा, अपनी सब सेटिंग है, अगर नोटों की गड्डी चाहिए तो बताओ। इसके बाद अमर उजाला टीम फव्वारा चौक बाजार में पहुंची। यहां पर 10 रुपये की गड्डी के 1700 रुपये और 50 रुपये की एक हजार की गड्डी पर 250 रुपये अतिरिक्त वसूले जा रहे हैं। कुल मिलाकर 10 के नोटों को लेकर सबसे अधिक कालाबाजारी हो रही है। अब सवाल यह है कि जब बैंक में 10 के नोट उपलब्ध नहीं है तो दुकानदार कहां से उपलब्ध करा रहे हैं। इससे साफ है कि उनकी बैंक के अंदर सांठगांठ पहले से ही है।
- मालाओं में नहीं दिख रहे 10 के नोट
सर्राफा बाजार और फव्वारा चौक पर 10, 20, 50 और 100 के नए नोटों की मालाएं बनाई जाती हैं। इन दिनों शादियों में इनकी खासी डिमांड है। हाल यह है कि 10 के नए नोटों की माला गायब है। जबकि 20, 50 और 100 की मालाएं अधिक बन रही है।
वर्जन
लंबे समय से 10 के नोटों की गड्डी मुख्यालय की तरफ से नहीं मिल रही। बैंकों में भी इसे लेकर किल्लत बनी हुई है। शादियों के सीजन में 10 के नोटों की गड्डी की मांग बढ़ जाती है।
- प्रवीण जमुआर, एलडीएम