सहारनपुर के पैरामाउंट कॉलोनी में मोर्निंग वॉक के लिये बैंड बजाकर उठाते लोग
सहारनपुर। कहते हैं कि अगर अच्छे और सच्चे दोस्त मिल जाएं तो वह किसी खजाने से कम नहीं। पैरामाउंट रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी (आरडब्ल्यूए) में करीब 40 लोगों का ग्रुप भी कुछ ऐसी ही मिसाल कायम कर रहा है। एक-दूसरे को सेहतमंद रखने के लिए इस ग्रुप ने अजब-गजब पहल शुरू की है। यदि कोई साथी बिना बताए मार्निंग वॉक पर नहीं आता तो वह सुबह-सुबह उसके घर बैंडबाजे वालों को लेकर पहुंच जाते हैं और बैंड बजवाकर उसे नींद से जगाते हैं। खास बात यह है कि इस ग्रुप में कारोबारी से लेकर बड़े अधिकारी और अन्य व्यवसायी शामिल हैं। ग्रुप की यह अनूठी चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस वजह से शुरू करनी पड़ी पहल
आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष अमित शर्मा ने बताया कि उनके ग्रुप में 35 से 40 सदस्य शामिल है। इसके अलावा महिलाओं और बुजुर्गों का अलग ग्रुप है। सभी मिलकर मार्निंग वॉक करते हैं। मार्निंग वॉक का उद्देश्य है कि सभी साथी सेहतमंद रहें, लेकिन कुछ समय से देखने में आ रहा था कि कुछ साथी आलस की वजह से बिना बताए मार्निंग वॉक से अनुपस्थित चल रहे हैं। ऐसे में ग्रुप के सदस्य सर्वेश शर्मा ने यह आइडिया दिया कि जो सदस्य बिना बताए मार्निंग वॉक पर नहीं आया तो उसके घर बैंडबाजे वालों को लेकर जाएंगे। इसके लिए बैंडबाजा पार्टी को तैयार किया गया।
मंगलवार को पहले दिन तीन सदस्य नहीं आए। जिसमें एक फैक्टरी संचालक, दूसरे प्रॉपर्टी डीलर और तीसरे रोडवेज निगम के अधिकारी थे। ऐसे में बाकी सदस्यों ने सुबह करीब छह बजे बैंड वालों को बुलाया गया और तीनों के घर के बाहर जाकर बाजा बजाकर उन्हें नींद से जगाया गया। इसका उद्देश्य सिर्फ इतना है कि कोई भी साथी आलस की वजह से मार्निंग वॉक से गायब न रहे।
जिसके यहां बजेगा बाजा, खर्च भी वही देगा
ग्रुप के जिस सदस्य के घर के सामने बाजा बजेगा उसका खर्च भी उसी सदस्य को देना होगा। इसके अलावा यह भी नियम बनाया गया है कि जो व्यक्ति सोसायटी के मेंटीनेंस का खर्च नहीं देगा उसके घर के सामने भी बाजा बजवाया जाएगा और फूलों की माला पहनाई जाएगी।