सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की महानगर इकाई से जुडे़ व्यापारियों ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित सर्किल रेट पर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रस्तावित सर्किल रेट लागू हुआ तो जनपद विकास के क्षेत्र में पिछड़ जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सर्किल रेट होने से जिले के कई व्यापारी पड़ोसी राज्यों में शिफ्ट हो गए हैं।
सोमवार को जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि प्रस्तावित सर्किल दर में यथार्थ और भौगोलिक दरों का वास्तविक आकलन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर में फिलहाल खरीद बिक्री वास्तविक वर्तमान प्रचलित सर्किल दर से लगभग 30 फीसदी कम पर चल रही है। अगर प्रस्तावित सर्किल को स्वीकार कर लिया गया तो इससे रियल एस्टेट व्यापार पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
इससे गरीब व्यक्तियों का अपनी छत का सपना पूरा नहीं हो पाएगा। अधिक सर्किल दर के कारण यहां का व्यापारी वर्ग हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड आदि में माइग्रेट कर चुका है। उन्होंने कहा कि यहां सर्किल रेट बढ़ाने की बजाए घटाया जाए, जिससे यहां पर बड़े शहरों की तरह टाउनशिप विकसित हो सके। इस दौरान महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा, महानगर महामंत्री सरदार सुरेन्द्र मोहन सिंह चावला, गुलशन अनेजा, राजीव मदान, संजय भसीन, मुकेश दत्ता, सुदर्शन जुनेजा, पुलकित सूद, पवन गोयल आदि मौजूद रहे।