आधार लिंक न कराया तो रुकेगी दिव्यांगों की पेंशन
सहारनपुर। सहारनपुर मंडल के तीनों जिलों में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने विभाग के खाते से आधार कार्ड लिंक नहीं कराया है। दो सप्ताह में अगर दिव्यांगजनों ने अपने बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक नहीं कराया तो उनकी पेंशन रुक जाएगी। अभी तक मात्र 35 प्रतिशत ने ही आधार कार्ड लिंक कराया है। मंडल में 40598 दिव्यांगजन पंजीकृत हैं।
दरअसल, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से बैंक के खाते के अलावा विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर भी दिव्यांगजनों को दी जाने वाली पेंशन के लिए आधार कार्ड नंबर लिंक कराना अनिवार्य कर दिया है। सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर में पंजीकृत दिव्यांगजनों में से मात्र 35 प्रतिशत ने पात्रों ने ही अपना आधार कार्ड विभाग के पोर्टल से लिंक कराया है, लेकिन बाकी पात्रों ने आधार कार्ड लिंक नहीं किया है। अगस्त की पेंशन दिव्यांगजनों को मिल चुकी है। 15 सितंबर तक बाकी दिव्यांगजनों ने आधार कार्ड लिंक नहीं कराया तो उनकी पेंशन रुक जाएगी। इसको लेकर शासन ने दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
--
ऐसे करें प्रक्रिया पूरी
कोई भी दिव्यांगजन साइबर कैफे या फिर विभाग के दफ्तर में जाकर ऑनलाइन आधार कार्ड लिंक करा सकता है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उप निदेशक अभय श्रीवास्तव ने बताया कि विभाग की वेबसाइट https://sspy-up.gov.in जाकर पात्रों को आधार लिंक कराना होगा। इसके साथ ही पात्र के मोबाइल फोन नंबर पर ओटीपी आएगा, जिसको वेबसाइट में दर्ज कर सफलतापूर्वक आधार कार्ड लिंक होगा।
--
मंडल में दिव्यांगजनों की संख्या
- सहारनपुर में -----17309
- मुजफ्फरनगर-----15468
- शामली----------7821
--
वर्जन:-
दिव्यांगजनों की पेंशन को लेकर शासन ने दिशा निर्देश भी जारी किए हैं। कार्यालय पर आकर भी कोई भी दिव्यांगजन निशुल्क आधार कार्ड लिंक करा सकता है। पेंशन लेने के लिए 15 सितंबर तक दिव्यांगों को आधार लिंक कराना होगा। - अभय श्रीवास्तव, उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग