देवबंद। मुजफ्फरनगर हाईवे पर पांच युवकों ने होटल मालिक को लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। होटल के गल्ले से 4500 रुपये भी निकालकर ले गए।
सैनपुर उर्फ शहजादपुर निवासी अनुज कुमार का मुजफ्फरनगर हाईवे पर होटल है। अनुज ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम जड़ौदा जट्ट गांव निवासी एक युवक अपने चार साथियों के साथ वहां पहुंचा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनसे सिगरेट और पान मसाला मांगा। होटल संचालक अभद्र बर्ताव का विरोध जताया, जिस पर आरोपियों ने होटल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। होटल संचालक पर लाठी डंडों से हमला किया गया। सिर में चोट लगने से वह लहूलुहान हो गए। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे, जिन्हें देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोप है कि हमलावर 4500 रुपये भी गल्ले से निकालकर ले गए। उधर, पुलिस का कहना कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।