सहारनपुर। जिले में 1520 जगहों पर आज होलिका दहन होगा। इसको लेकर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। जिले में 73 संवेदनशील होलिका दहन स्थलों पर पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात रहें। वहीं, अन्य जगहों पर पीएसी और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था देखेगी।
होली को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। रविवार को होने वाले होलिका दहन स्थलों पुलिस-फोर्स तैनात रहेगा। संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी, अर्धसैनिक बलों के अलावा खुफिया विभाग भी नजर रखेगा।
हुड़दंगियों को नहीं छोड़ेगी पुलिस
सोमवार को दुल्हेंडी पर्व मनाया जाएगा। इस दिन लोग रंगों की होली खेलेंगे। सभी प्रमुख चौराहों व मार्गों पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। हुड़दंग मचाने और शराब पीकर वाहन चलाने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। महानगर में एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक और देहात क्षेत्रों में एसपी देहात सागर जैन सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
वहीं, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने हुड़दंग मचाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने संदिग्धों से पूछताछ करने भी निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
-
रहेगी भद्रा, 11 बजे के बाद होगा होलिका दहन
आचार्य शुभम कौशिक ने बताया कि होलिका पूजन पूरे दिन होगा, लेकिन होलिका दहन रात 11 बजे के बाद होगा। क्योंकि, भद्रा काल सुबह 9:55 से शुरू होकर रात 11:13 बजे तक रहेगा। ऐसे में भद्रा काल के बाद ही रात में 11:13 बजे होलिका दहन किया जाएगा।
वर्जन
होली पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे। किसी ने हुड़दंग मचाया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी।
-डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी