हिंडन नदी पर पुल निर्माण की मांग
बिहारीगढ़। क्षेत्र के पचास से भी ज्यादा गांवों को दिल्ली देहरादून हाईवे और शाकंभरी सिद्ध पीठ से जोड़ने वाले सुंदरपुर शाकंभरी मार्ग पर बरसात के मौसम में नदियों का पानी आने से आवागमन प्रभावित होता है। ग्रामीणों ने डीएम से नदियों पर पुल बनवाने की मांग की। बता दें कि इस मार्ग पर पड़ने वाली लालो नदी के पुल का निर्माण कार्य काफी लंबे समय से चल रहा है। निर्माण पूरा न होने के कारण नदी आने पर पिछले दिनों भी कई घंटे तक यह मार्ग अविरुद्ध रहा था। हिंडन नदी पर पुल न होने के कारण बरसात के मौसम में पानी आने पर यह मार्ग अविरुद्ध हो जाता है। क्षेत्र के लोगों ने लालो नदी के पुल का निर्माण शीघ्र पूरा कराने और हिंडन नदी का पुल बनवाने की मांग जिलाधिकारी से की है। नरेश कुमार, विनोद पंवार, सुनील कुमार, ताराचंद आदि ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बरसात के मौसम में किसी के बीमार होने या अन्य इमरजेंसी आने पर उन्हें नदियों में पानी होने के चलते काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ब्यूरो