देवबंद। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे-59 पर बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार दो मजदूर गंभीर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर किया गया।
साखन खुर्द निवासी नीटू पुत्र मैनपाल और पोपिन पुत्र नाथीराम बाइक द्वारा सुबह अपने गांव से मजदूरी करने के लिए देवबंद आ रहे थे। जब वह स्टेट हाईवे स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के समीप पहुंचे तो इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे नीटू व पोपिन सडक़ पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। मौके पर एकत्रित लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने एबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोतवाल संजीव कुमार ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।