सहारनपुर। सर्दियों में लोगों का हीमोग्लोबिन बढ़ने और खून गाढ़ा होने की समस्या बढ़ रही है। जिस वजह से एसबीडी जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में 16 से 17 एचबी वाले लोग रक्तदान करने के लिए पहुंच रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि महीने में ऐसे 50 लोग आ रहे हैं। चिकित्सकों ने कहा कि 16 से अधिक हीमोग्लोबिन होने पर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
सर्दी का सितम दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। सर्दियों में लोग पानी का सेवन कम करते हैं और खानपान में अनियमितता बरतते हैं, जिसकी वजह से हीमोग्लोबिन की समस्या बढ़ जाती है। एसबीडी जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अनिल वोहरा ने बताया कि जिन लोगों का हीमोग्लोबिन बढ़ रहा है, वह समय-समय पर रक्तदान करें। आलू व चिकनाई वाली चीजों का सेवन न करें। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का हीमोग्लोबिन 16 से अधिक है तो उसे पॉलिसाइथेमिया बीमारी होने का खतरा रहता है। उनका ब्लड दूसरों के इस्तेमाल में नहीं आता है। इसके अलावा फेफड़ों और दिल के रोगी, किडनी और लीवर कैंसर या फिर धूम्रपान अधिक करने वालों में यह समस्या दिखाई देती है। जिला अस्पताल के रक्त कोष विभाग में रोजाना 10 से 12 लोग रक्तदान करने आते हैं। लेकिन यहां महीने में 50 लोग ऐसे होते हैं, जिनका हीमोग्लोबिन 16 से 17 के बीच रहता है। इन लोगों को रक्तदान करने की सलाह दी जाती है।
बढ़े एचबी के लक्षण
- दिमागी क्षमता प्रभावित होना
- थकान होना
- ब्लीडिंग होना
- सिर दर्द बढ़ना
- धड़कन बढ़ना
- सांस फूलना