नगर निगम के रेन बसेरे में लोगों से बात करते मंडलायुक्त व जिलाधिकारी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। सर्दी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। सोमवार को मंडलायुक्त ने कोर्ट रोड, जीपीओ रोड से होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग पर असहाय व बेघर लोगों का सर्वे किया। इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों की टीम गठित कर लोगों को रैन बसेरे तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी।
मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम ने कोर्ट रोड, जीपीओ रोड पर मार्ग के दोनों ओर बने फुटपाथ पर रुके कुछ लोगों से बात की। किसी के पास कोई आईडी भी नहीं मिली। जिस पर मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी से वार्ता कर एक टीम का गठन किया गया। टीम में अपर नगर आयुक्त, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त तथा उप जिलाधिकारी सदर, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर, जेडएसओ नगर निगम को शामिल किया गया। मंडलायुक्त द्वारा टीम को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक तीन दिन में एक गाड़ी शहर में भ्रमण करेगी तथा फुटपाथ एवं अन्य जगहों पर इस तरह लेटे हुए असहाय व्यक्तियों को गाड़ी में बैठाकर उनको नगर निगम द्वारा संचालित रैन बसेरे में लाया जाएगा। जहां इनके खाने, कपड़े, दवाईयों की उचित व्यवस्था भी की जाएगी।
जिलाधिकारी को निर्देश दिए गए कि एक मनो चिकित्सक लगाकर इनका परीक्षण कराया जाए तथा इनको चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराकर इनको पुनर्वासित कराया जाए। मंडलायुक्त ने लोगों से अपील की कि शहर में कहीं पर भी असहाय, बेघर, कमजोर व्यक्ति पाया जाता है तो इसकी सूचना नगर निगम में स्थापित कंट्रोल रूम नंबर-1533 एवं 0132-2648112 पर दी जाए ताकि उस व्यक्ति को रैन बसेरे में लाने की व्यवस्था की जा सके।