संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। मौसम में बदलाव होने से बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने टीम भेजकर पिथौरी, हलवाना, मुजफ्फराबाद, हरौड़ा, पुवांरका, डिगौली, तल्हेड़ी बुजुर्ग, नागल, महंगी, चढ़ाव, इस्माईलपुर माजरा आदि गांवों में शिविर लगवाएं। शिविर में बुखार पीड़ितों की जांच करने के साथ उन्हें दवाईयां दी गई। वहीं, टीम ने घरों में रखे गमले, फ्रिज की ट्रे, खाली बर्तनों आदि की जांच की। इस दौरान कई घरों में डेंगू का लार्वा पनपता मिला। जिस पर टीम ने मौके पर ही लार्वा नष्ट कराया। सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने लोगों से अपील की है कि अपने घर, छतों पर पड़े पुराने टायर, बर्तन आदि को खाली कर दें। इसमें ही डेंगू का लार्वा पैदा होता है। सावधानी ही डेंगू व मलेरिया से बचाव है।