चंदक। गांव भानीपुर में हुई हर्ष फायरिंग में एक किशोर सिर में गोली लगने से गंभीर घायल हो गया। परिजनों ने किशोर को बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। गांव भानीपुर निवासी विजेंद्र सिंह के पुत्र अमित का लगन बुधवार को नगीना के गांव तेलीपुरा से आया था। ग्राम वासियों के अनुसार रिश्ते के दौरान अमित के दोस्त ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। तमंचे से निकली गोली लड़की के 12 वर्षीय छोटे भाई के सिर में लग गई। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई। किशोर के परिजन उसको लेकर बिजनौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सक ने किशोर को गंभीर अवस्था में मेरठ के लिए रेफर किया। ग्राम वासियों ने बताया कि किशोर के सिर में गोली फंसी हुई थी। थाना प्रभारी निरीक्षक विमलेश कुमार ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।