-बिजली लाइनों में हुआ फाल्ट, इन्वर्टर हो गए थे डाउन,
-बारिश के बाद ठीक करने में जुटे कर्मचारी, दो बजे आई बिजली
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। बीती रात बारिश और अन्य तकनीकी खराबी से आधा शहर छह घंटे तक अंधेरे में डूबा रहा। उमस भरी गर्मी में बच्चों से लेकर बड़े बेहाल रहे। लोगों के इन्वर्टर जवाब दे गए। बारिश थमी तो बिजली कर्मचारी फाल्ट को ठीक करने में जुटे। जिसके चलते रात दो बजे चालू हो पाई। देहात क्षेत्रों में तो सुबह पांच बजे जाकर बिजली आई।
बुधवार दोपहर बाद पेपर मिल रोड स्थित 220 बिजलीघर में पीटी (पोटेंशियल ट्रांसफार्मर) फटने से बिजली आपूर्ति तीन घंटे तक ठप रही थी। बेहट से पीटी मंगवाकर किसी तरह बिजली सुचारु कराई गई थी, लेकिन उसके करीब एक घंटे बाद हुसैन बस्ती और ट्रांसपोर्टर नगर बिजलीघर से बिजली फिर बंद हो गई। हुसैन बस्ती उपकेंद्र से मोहित नगर, शंकरपुरी, श्याम नगर, प्रेमपुरी, उत्तम विहार, चंद्रलोक, शिवपुरी, ज्ञान विहार, राम विहार, शिवपुरी, राघव पुरम, ब्रिज बिहार बद्री धाम आदि कालोनियां में बत्ती गुल रही। बच्चे और बुजुर्गों बिना बिजली के बिल बिला उठे। इतने कर्मचारी कुछ समझ पाते बारिश शुरू हो गई।
झमाझम बारिश के चलते शहर ही नहीं बल्कि देहात में भी लाइनों में फाल्ट आ गया। इसके बाद बिजली पूरी तरह से ठप हो गई। लोगों ने संबंधित बिजलीघर के अवर अभियंता को फोन मिलाया तो वह नहीं उठा। इससे लोगों की परेशानी और अधिक बढ़ गई। रात आठ बजे से लेकर रात दो बजे तक आधे शहर में बिजली नहीं आई। यही नहीं हाकिमपुरा बिजलीघर से संबंधित क्षेत्र ज्ञानागढ़, गोपालपुर, बिशनपुर, हाकिमपुरा, चकदेवली और हसनपुर में बिजली बुधवार की रात 10 से लेकर बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे तक गायब रही। अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने बताया कि बारिश की वजह से चिलकाना में फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बंद रही।
आज दो घंटे बिजली रहेगी बाधित
अधीक्षण अभियंता (शहरी) संजीव कुमार ने बताया कि शुक्रवार यानी आज बिजली लाइनों को छूने वाले पेड़ों की कटाई और छटाई कराई जाएगी। जिसके चलते हुसैन बस्ती उपकेंद्र से संबंधित क्षेत्रों में सुबह सात से नौ बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी तरह 33 केवी लाइन ट्रांसपोर्ट नगर व जनक नगर से संबंधित क्षेत्रों में भी सुबह सात से नौ बजे तक बिजली नहीं आएगी।
वर्जन
बुधवार की रात बारिश होने से हुसैन बस्ती और ट्रांसपोर्ट नगर बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। जैसे ही बारिश थमी तो कर्मचारियों ने फाल्ट को ठीक किया। कहीं जगह एक बजे तो कहीं पर दो बजे चालू हो गई थी।
-एके आत्रेय, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम