बेहट (सहारनपुर)। सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार गुर्जर गौरव यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। नकुड़ की ओर जाने वालों रास्तों पर विशेष चौकसी बरती गई और एक गुर्जर नेता को उनके आवास पर ही नजरबंद किया गया।
गुर्जर नेता एवं जिला पंचायत सदस्य रामकिशन उर्फ रामू चौधरी को बरथा असलमपुर में उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया, हालांकि पुलिस प्रशासन नजरबंद किए जाने की बात से इंकार कर रहा है, जबकि रामकिशन चौधरी का कहना है कि सुबह पांच बजे ही उनके आवास पर पुलिस पहुंच गई थी। वह यात्रा में शामिल होने की तैयारियां ही कर रहे थे कि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। एसडीम दीपक कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी की आदेशों का पुलिस एवं राजस्व टीम द्वारा पहले से ही प्रचार प्रसार किया गया था। लोग स्वयं ही यात्रा में शामिल नहीं होने के लिए नहीं गए, लेकिन फिर भी एहतियात के तौर पर नकुड़ जाने वाले रास्तों पर पुलिस प्रशासन की तरफ से चौकसी बरती गई।
गुर्जर गौरव यात्रा को लेकर भड़काऊ पोस्ट डालने पर 10 के खिलाफ रिपोर्ट
बेहट। गुर्जर गौरव यात्रा को लेकर सोशल मीडिया पर भड़काऊ एवं उत्तेजक पोस्ट डालने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि कुछ लोगों ने अपनी-अपनी फेसबुक वॉल से थाना नकुड़ क्षेत्र के गांव फंदपुरी में आयोजित सम्राट मिहिर भोज प्रतिहार गुर्जर गौरव यात्रा में गुर्जर समाज के लोगों से पहुंचने की अपील करते हुए भड़काऊ और उत्तेजक पोस्ट डाली है।
पुलिस ने इसका संज्ञान लेते हुए उपनिरीक्षक भारत सिंह की तहरीर पर परवेज पुत्र दिलशाद, हुसैन पुत्र खलील, चौधरी नईम व सैद सभी निवासी गांव लोदीपुर, अंकुर पुत्र चिन्नू निवासी गांव साढ़ौली कदीम, अंकित निवासी गांव धौलरा, नितिन व एसपी निवासी गांव चेंची, नईम निवासी गांव दबकौरा, रामू निवासी गांव असलमपुर बरथा के खिलाफ भड़काऊ व उत्तेजक पोस्ट डालकर जातिगत तनाव, घृणा फैलाने व वैमनस्य की भावना भड़काने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद