त्योहारों में मद्देनजर सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चेकिंग करती सीओ श्वेता आशुतोष ओझा।
सहारनपुर। दीपावली पर रेलवे स्टेशन को उड़ाने की धमकी के बाद जीआरपी-आरपीएफ अलर्ट है। इसी के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों और यात्रियों के सामानों की जांच की गई। साथ ही संदिग्धों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
रेलवे स्टेशन से 153 ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें करीब दो लाख यात्री सफर करते हैं। त्योहारों में यह भीड़ दोगुनी तक हो जाती है। दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर रेलवे ने 18 स्पेशल ट्रेनें भी शुरू की हैं। यात्रियों की भीड़ बढ़ने से पैदा होने वाली अव्यवस्थाओं को देखते हुए रेलवे ने भी अतिरिक्त व्यवस्था की है। इस दौरान सुरक्षा को लेकर जीआरपी और आरपीएफ का काम भी बढ़ गया है।
प्लेटफार्म तीन, चार, पांच और छह पर ज्यादातर ट्रेनों का ठहराव होता है। इन प्लेटफार्म पर टीमें तैनाती की गई है। आरपीएफ ने पेट्रोलिंग बढ़ा दी है। जीआरपी स्टेशन के साथ ट्रेनों में भी संदिग्धों की तलाश कर रही है। शुक्रवार की रात जीआरपी सीओ श्वेता आशुतोष ओझा के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाय। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस सहित सहारनपुर से होकर रात्रि में गुजरने वाली ट्रेनों की चेकिंग की। संदिग्ध दिखने वाले यात्रियों के सामान चेक किया गया।
पिछले महीने मिली थी आतंकी धमकी
अंबाला और दिल्ली मंडल के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की पिछले महीने आतंकी धमकी मिल चुकी है। इस संबंध में यमुनानगर के स्टेशन अधीक्षक को पत्र मिला था। इस पत्र में सहारनपुर का भी नाम था। इसके बाद से ही जीआरपी-आरपीएफफ पूरे एहतियात से काम ले रही है।