सहारनपुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करना सरकार की प्राथमिकता है। इससे न सिर्फ राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि हम विकसित भारत की ओर अग्रसर होंगे।
उच्च शिक्षा मंत्री ने आईटीआई परिसर में लगी खादी ग्रामोद्योग की मंडलीय प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए विभिन्न स्टॉलों पर रखे विभिन्न उत्पादों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में स्वावलंबी भारत की झलक दिखाई दी है। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रयासों से सुदूर क्षेत्रों में तैयार हो रहे स्थानीय उत्पादों को बेहतर विपणन के जरिए विश्व स्तर पर बडा मंच मिल रहा है। जिससे लघु एवं कुटीर उद्योगों का आर्थिक उन्नयन हो रहा है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि बाहर के उद्यमी जनपद में निवेश कर रहे है। आजीविका मिशन के तहत महिलाओं की आर्थिक उन्नति के लिए उनको विभिन्न उत्पादों के विपणन से जोड़ा जा रहा है। इस दौरान के विधायक मुकेश चौधरी, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन राजपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सैनी, मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन आदि मौजूद रहे।