सहारनपुर। सामान्य से लगभग डेढ़ गुना किराये वाली होली स्पेशल ट्रेनें भी लेट चल रहीं हैं। शनिवार को गोरखपुर-चंडीगढ़ होली स्पेशल अपने निर्धारित समय से दो घंटे की देरी से सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी हुई।
होली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से होली स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की गई थी। होली स्पेशल ट्रेनें चलने भी लगी हैं। इन स्पेशल ट्रेनों में सामान्य से करीब डेढ़ गुना अधिक किराया है। इसके बाद भी यात्रियों को राहत नहीं मिली है।
ट्रेन नंबर 04517 गोरखपुर-चंडीगढ़ होली स्पेशल के सहारनपुर पहुंचने का समय सुबह 11 बजकर 57 मिनट है, लेकिन शनिवार को उक्त ट्रेन दोपहर एक बजकर 48 मिनट पर पहुंची। इसके अलावा अमृतसर-गोरखपुर होली स्पेशल सवा दो घंटे, दरभंगा-अमृतसर जननायक एक्सप्रेस दो घंटे, दरभंगा-जालंधर सिटी पौने तीन घंटे की देरी से सहारनपुर पहुंची।