नागल में फार्म से ढाई लाख की मछलियां चोरी
छुटमलपुर/चिलकाना/नागल। बीती रात चोरों ने कसबे के एक फर्नीचर कारोबारी के गोदाम और उससे कुछ दूरी पर स्थित जनरल स्टोर से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर इतने शातिर थे कि जनरल स्टोर से सीसीटीवी की डीवीआर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। चिलकाना में भी चोरों ने मेन बाजार स्थित पंसारी की दुकान में नकब लगा कर एक लाख रुपये मूल्य से अधिक की देशी दवाइयां चोरी कर लीं। नागल में भी चोरों ने एक फार्म से करीब ढाई लाख रुपये की मछली चोरी कर ली।
कसबे में रुड़की रोड पर अतुल जैन की जनरल स्टोर की दुकान है। उनके पास कई कास्मेटिक की एजेंसियां है। रात किसी वक्त चोर ऊपर की मंजिल से दरवाजा तोड़ कर अंदर दुकान में घुसे। जहां से वे महंगे कास्मेटिक की पेटियां अपने साथ ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए। इससे पहले चोरों ने फर्नीचर व्यापारी श्रवण कश्यप के गोदाम को निशाना बनाया। श्रवण के अनुसार चोर तीन सिलिंग फैन, दो इंडक्शन हीटर, एक मेज और कुछ औजार चोरी कर ले गए। जो औजार चोरों ने यहां से चोरी किए उनका इस्तेमाल उन्होंने अतुल की दुकान का दरवाजा तोड़ने में किया। सुबह होने पर चोरी का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
चिलकाना निवासी मनोज माहेश्वरी की सुल्तानपुर में बिजलीघर के पास सेठ आयुर्वेदिक स्टोर नाम से पंसारी की दुकान है। मनोज बृहस्पतिवार की रात नौ बजे अपनी दुकान बंद करके घर गया था। शुक्रवार सुबह साढे़ आठ बजे दुकान खोली, तो दुकान में सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर चोरी की गई थी। चोरों ने दुकान से अधिकतर स्वर्ण भस्म निर्मित कीमती दवाईयां चोरी की हैं। चोरी गई दवाइयों में सिद्ध मकरध्वज रसराज, मौजी पिस्टी, योगेंद्र रस, महालक्ष्मी विलास रस, महायोग राज गुगल, बसंत मालवी, बादाम रोगन आदि महंगी तथा कीमती दवाइयां थी। चोरी गई दवाइयों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक है। मनोज माहेश्वरी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
नागल थाना क्षेत्र के गांव बढेड़ी कोली निवासी सुशांत शर्मा पुत्र रविंद्र शर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसने गांव कोटा में मछली फार्म किया हुआ है। रात में किसी समय चोरों ने उसके फार्म से करीब 25 कुंतल मछली चोरी कर ली। इनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये होती है पीड़ित ने थानाध्यक्ष से कार्रवाई करने की मांग की है। सीओ देवबंद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।