सहारनपुर/सरसावा। पंजाब के न्यू साहनेवाल से उत्तर प्रदेश के न्यू खुर्जा रेलवे स्टेशन तक 389 किलोमीटर लंबे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी को दौड़ाया गया। न्यू खतौली तक 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से मालगाड़ी दौड़ी। इस प्रकार अंबाला यूनिट का काम पूरा हो गया है।
बुधवार को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (डीएफसी) की अंबाला रेल यूनिट ने 46 बोगियों की मालगाड़ी को निर्धारित गति तक दौड़ाकर रेलवे ट्रैक का परीक्षण किया। पंजाब के न्यू साहनेवाल रेलवे स्टेशन से 46 वैगन की यह मालगाड़ी सुबह 7:25 पर रवाना हुई। जिसे न्यू साहनेवाल से लुधियाना, अंबाला, यमुनानगर, न्यू पिलखनी, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़ होते हुए न्यू खुर्जा तक 389 किलोमीटर का सफर तय करना था। इस दौरान मालगाड़ी को हर तरह की गति पर 30 किलोमीटर प्रतिघंटा, 50 किलोमीटर प्रति घंटा और अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति तक दौड़या गया।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की अंबाला रेल यूनिट के अधिकारी उधम सिंह सोलंकी तथा न्यू पिलखनी रेलवे स्टेशन सरसावा के अधीक्षक सीताराम शंकर ने बताया कि अंबाला रेल यूनिट के अंतर्गत डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का न्यू साहनेवाल से न्यू पिलखनी रेलवे स्टेशन तक 179 किलोमीटर हिस्सा आता है, जिसे पूर्ण कर लिया गया है। इसके आगे का हिस्सा मेरठ रेल यूनिट के अंतर्गत आता है। 46 वैगन की मालगाड़ी को न्यू साहनेवाल स्टेशन से न्यू खुर्जा रेलवे स्टेशन तक 389 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर दौड़ाते हुए परीक्षण किया जा रहा है। हालांकि ट्रैक पूर्ण हो चुका है अब केवल परीक्षण टीम की अनुमति की आवश्यकता है। पूरे रेलवे ट्रैक पर एक दो स्थानों पर सिर्फ लूप लाइन बनाने जैसे कार्य रह गए हैं। इसके अलावा पूरा रेलवे ट्रैक मालगाड़ी का लोड ले जाने के लिए तैयार है। उधम सिंह सोलंकी ने बताया कि लगभग 2500 करोड रुपए की लागत से इस 179 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का कार्य पूरा हुआ है।
बुधवार को दोपहर के समय न्यू पिलखनी रेलवे स्टेशन पर डीएफसी के अधिकारी वेदपाल अरुण वर्मा रामपाल सिंह और सहारनपुर में स्टेशन अधीक्षक एके त्यागी, डिप्टी स्टेशन अधीक्षक हरीश गुजराल, सीएमआई प्रदीप गिल्होत्रा, जीआरपी थाना प्रभारी संजीव कुमार ने मालगाड़ी का स्वागत किया। इस 389 किलोमीटर लंबे रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी परिचालन की पूरी निगरानी डीएफसी के सीनियर अधिकारी पंकज गुप्ता, हरसिमरत सिंह, विनीत मलिक अविनाश ठाकुर ने की।