गागलहेड़ी में चोरों द्वारा नलकूप की दीवार में लगाई गई सेंध
- फोटो : SAHARANPUR
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। एक ही रात में चोरों ने दो गांवों के 18 किसानों के नलकूपों पर बने कमरों में सेंध लगा और दरवाजों को तोड़कर वहां से बिजली उपकरण तथा कृषि यंत्र चोरी कर लिए। चोरी की घटनाओं से किसानों में रोष बना है। पीड़ित किसानों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गागलहेड़ी थाना क्षेत्र की काली नदी चौकी क्षेत्र के गांव ढाल्ला माजरा निवासी किसान रोहित, अश्वनी, राकेश, राजा, पवन, राजकरण, मांगेराम, राजकरण, सतीश, बिजेंद्र, सन्नी, अनुज के नलकूपों पर बने कमरों की दीवारों में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने सेंध लगाकर बिजली उपकरणों की चोरी कर ली। इनमें से कई नलकूप तो काली नदी चौकी से मात्र कुछ ही दूरी पर स्थित है। इसके साथ ही बृहस्पतिवार रात में ही ग्राम नन्हेड़ा बेदबेगमपुर के किसान ताहिर, कलीम, समे सिंह, सलीम, नसीम, मोहर सिंह आदि के खेतों पर बने कमरों के दरवाजे और दीवारों को तोड़कर नलकूपों पर लगे बिजली के उपकरण तथा वहां रखे कृषि यंत्रों की चोरी कर ली।
किसानों ने बताया कि लगभग दो माह पूर्व भी उनके नलकूपों पर चोरी की घटना हो चुकी है। जिसका आज तक खुलासा नहीं हो पाया है। अब दोबारा फिर से चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। उधर थानाध्यक्ष सुनील नेगी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।