फतेहपुर पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया घायल बदमाश नदीम। श्रोत पुलिस
छुटमलपुर। फतेहपुर थाना पुलिस की शुक्रवार की रात जनहित डिग्री काॅलेज के पास बाइक सवार गोकशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें गोली लगने पर घायल होने के बाद 25000 का इनामी गोकश पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पकड़े गए गोकश से पुलिस ने बाइक और तमंचा बरामद किया है। घायल को उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया गया। जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गत रविवार की रात फतेहपुर थाने के गांव नानका में हुई गौकशी में नामजद नदीम पुत्र फैयाज उर्फ छोटा निवासी गंदेवड़ा अपने घर बच्चों से मिलने जाएगा। इसके बाद फतेहपुर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय और गागलहेड़ी थानाध्यक्ष सुनील नागर ने अपनी टीमों के साथ रुड़की रोड पर घेराबंदी की। गांव गंगाली वाले रास्ते पर जनहित कालेज के पास रात नौ बजे बाइक सवार दो बदमाश जाते दिखाई दिए। इन्हें पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग करते हुए बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो नदीम की टांग में गोली लग गई जिससे बदमाश बाइक सहित नीचे जा गिरे। इस दौरान अंधेरे का लाभ उठा कर नदीम का साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस ने नदीम को उपचार के लिए सीएचसी भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि नदीम पर 25000 रुपये का इनाम था। वह कुख्यात गोकश है। पुलिस को मौके बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। मुठभेड़ के बाद फिल्ड यूनिट की टीम और सीओ सदर रुचि गुप्ता ने भी मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। देर रात तक पुलिस टीमें फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग में जुटी थी।