सहारनपुर। गांव शेखपुरा कदीम के ग्रामीण को विद्युत निगम ने नया बिजली कनेक्शन देने के लिए 1.58 लाख रुपये के खर्च का ब्योरा बनाकर दिया है। क्योंकि ग्रामीण का घर के आसपास विद्युत लाइन नहीं है। ग्रामीण ने जेई पर 20 हजार सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आत्मदाह की कोशिश की थी, जिसकी जांच चल रही है।
गांव शेखपुरा कदीम में बिजली घर पर तैनात जेई पर ग्रामीण द्वारा लगाए आरोप की जांच नीरज कुमार अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल द्वितीय कर रहे हैं, जो मुख्य अभियंता सुनील कुमार अग्रवाल को रिपोर्ट सौपेंगे। इस मामले में उच्चाधिकारियों ने भी संज्ञान लिया। अधीक्षण अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि राधेश्याम के मकान के आसपास विद्युत लाइन नहीं है। इसलिए नए कनेक्शन उसके घर तक पहुंचाने में 1.58 लाख रुपये खर्च आएगा। जो कनेक्शन लेने वाले को जमा कराना होता है। इसके बारे में राधेश्याम को अवगत करा दिया गया है।
यह था मामला
ग्रामीण राधेश्याम बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर आत्मदाह की कोशिश की थी।आरोप लगाया कि उसने घरेलू बिजली कनेक्शन लेने के लिए सभी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसकी एवज में जेई ने सुविधा शुल्क लेकर भी कनेक्शन नहीं दिया।
वर्जन
मामले की जांच चल रही है। ग्रामीण द्वारा जेई पर लगाए आरोप सही पाए गए तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
- सुनील कुमार अग्रवाल, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम