चुनेटी गाड़ा में पकड़े गये गैस सीलेंडर
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। अवैध रिफिलिंग की सूचना पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने चुन्हेटी गाड़ा स्थित अंसारी बिल्डर के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यहां सीमेंट और सरिया की बिक्री की आड़ में गैस सिलिंडर रिफिलिंग की जा रही थी। दुकान से 12 सिलिंडर मिले। इसमें से दो खाली थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी है। जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को मारे गए छापे के दौरान छोटे टेंपो में गैस रिफलिंग की मशीन, गैस तौलने के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी मिला। जिससे स्पष्ट है कि वहां अवैध गैस रिफिलिंग का कार्य हो रहा था। मौके पर मिले नसीम अहमद के पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। मौके से मिले 12 गैस सिलिंडरों में इंडेन के पांच, भारत पेट्रोलियम के सात सिलिंडर हैं। गैस सिलिंडरों को पैरामाउंट कॉलोनी स्थित आशीर्वाद गैस एजेंसी के मालिक विरेंद्र की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। नसीम अहमद निवासी चुन्हेटी गाड़ा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त हो गई है। इस दौरान क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, पूर्ति निरीक्षक सदर हृदेश कुमार आदि मौजूद रहे।