सहारनपुर। सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर फोटो डालकर हथियार बेचने वाले चार तस्करों को थाना बिहारीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी कई अपराधियों के संपर्क में थे। इनके पास से कई अवैध हथियार मिले हैं। आरोपी पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड के बाॅर्डर क्षेत्र में रहने वाले है और हरियाणा के अपराधियों को हथियार बेचते थे। डीआईजी ने पुलिस टीम को 50 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सोशल मीडिया पर पुलिस निगरानी कर रही हैं। जानकारी मिली कि कुछ लोग यूपी और उत्तराखंड बाॅर्डर क्षेत्र में हथियारों की खरीद फरोख्त कर रहे हैं। आरोपी पहले सोशल मीडिया पर हथियारों की फोटो डालते हैं। इसके बाद अपराधी हथियार पसंद कर इनसे खरीदते थे। शनिवार की रात बिहारीगढ़ पुलिस व सर्विलांस की टीम ने सुंदरपुर तिराहे अमन मलिक निवासी गांव नगला खिताब थाना लक्सर जिला हरिद्वार, रितिक उर्फ विपिन निवासी गांव लाखनौर थाना नागल, सूर्यांश निवासी मोहल्ला पंत विहार कोतवाली सदर बाजार, मनोज कुमार निवासी गांव बेलड़ा जुनारदार को गिरफ्तार किया। इनके पास से दो देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 24 कारतूस, चार तमंचे और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
मोबाइल फोन में आरोपियों के कई कुख्यात अपराधियों और शूटरों के साथ फोटो भी मिले हैं। आरोपियों ने इंस्टाग्राम, फेसबुक, टेलीग्राम पर अकाउंट बना रखे हैं।
फाइनेंस बैंक लूटने का था प्लान
आरोपियों ने लक्सर स्थित एक फाइनेंस बैंक को लूटने की भी योजना बनाई थी। आरोपी जल्द वारदात को अंजाम देने वाले थे, लेकिन इससे पहले पकड़े गए।
40 में पिस्टल और 10 हजार में बेचते थे तमंचा
आरोपियों ने कई अपराधियों को 40 हजार में पिस्टल और दस हजार रुपये में तमंचे बेचे हैं। आरोपी अमन हथियार लेकर आता था। इसके बाद अपने साथियों के माध्यम से बेचता था। पुलिस की तीन टीमें हथियार खरीदने वालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।