सहारनपुर। जिला कारागार के चार बंदियों में एचआईवी की पुष्टि हुई है। पिछले दिनों जेल में शिविर लगाकर हुई जांच के बाद यह खुलासा हुआ। एचआईवी पॉजिटिव आने के बाद बंदियों का इलाज शुरू कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 16 दिसंबर तक जिला कारागार में वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें 1483 बंदियों की स्क्रीनिंग की गई। स्क्रीनिंग के दौरान 15 बंदियों में एचआईवी की आशंका हुई। इसके बाद सैंपल जांच के लिए एसबीडी जिला अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर भेजे गए। जांच रिपोर्ट में चार बंदी एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं, जिससे जेल प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। इस समय एचआईवी पॉजिटिव पाए गए मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा जांच में कोई भी बंदी टीबी ग्रसित नहीं मिला है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि हेपेटाइटिस की रिपोर्ट मेरठ मेडिकल कॉलेज से मंगलवार यानी आज आने की संभावना है।
जिला कारागार में चार दिवसीय वृहद जांच शिविर लगाया गया था। इसमें 1483 बंदियों की स्क्रीनिंग हुई। इनमें से चार बंदी एचआईवी पॉजिटिव मिले हैं। इनका इलाज शुरू कर दिया है।
- डॉ. सर्वेश कुमार सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी