ई-सुविधा केंद्रों में नागरिक विभिन्न तरह के बिल आदि जमा करा सकेंगे, बुजुर्गों के लिए रहेंगी विशेष सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर में 15 करोड़ रुपये की लागत से चार ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस बनाए जाने हैं। इन जोनल ऑफिस के माध्यम से एक ओर जहां जनता को बिल आदि जमा कराने की सुविधाएं मिलेंगी। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। इनके अलावा एक-एक हॉल का निर्माण होगा, जिसका इस्तेमाल विभिन्न गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
मुख्य जोनल ऑफिस नगर निगम परिसर में बनेगा, जो चार मंजिला होगा। इसके निर्माण का कार्य सप्ताह भर पहले ही शुरू किया गया है। इस ऑफिस में पार्किंग की सुविधा रहेगी। इसके अलावा ई-सुविधा केंद्र बनेगा, जहां नागरिक विभिन्न तरह के बिल जमा करा सकेंगे, साथ ही विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी करा सकेंगे। बुजुर्गों के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी, जिससे कि उन्हें किसी काम के लिए इधर-उधर न भटकना पड़े।
इसी में एक बड़ा हॉल बनेगा, जिसका इस्तेमाल नगर निगम बोर्ड की बैठकों के लिए किया जा सकेगा। बता दें कि एक बोर्ड का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी पार्षदों के पास बैठने या बोर्ड बैठकों के लिए कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। इसी हॉल का इस्तेमाल अन्य रूप में भी किया जा सकेगा।
शेष तीन जोनल ऑफिस इससे छोटे होंगे, लेकिन उनमें भी ई-सुविधा केंद्र और हॉल आदि सब बनाए जाएंगे। वहां भी बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं रहेंगी। चारों जोनल ऑफिस 2023 में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए गति के साथ करने को कहा है।
-
यहां बनेंगे जोनल ऑफिस
नगर निगम परिसर के अलावा, जिन तीन अन्य जगहों पर ई-सुविधा केंद्र/जोन ऑफिस बनेंगे। उनमें हकीकतनगर, नुमाइश कैंप और मनोहरपुर शामिल हैं। उक्त जोनल ऑफिस महानगर के अलग-अलग क्षेत्रों में बनाने के पीछे मकसद यह है कि लोग काम के लिए नगर निगम के चक्कर न काटें। बल्कि अपने ही क्षेत्र के जोनल ऑफिस में जाकर अपने काम करा सकें।
-
महानगर में 15 करोड़ रुपये की लागत से चार ई-सुविधा केंद्र/जोनल ऑफिस बनाए जा रहे हैं। मुख्य जोनल ऑफिस नगर निगम में बनेगा, जिसका कार्य शुरू हो गया है। शेष जोनल ऑफिस का कार्य भी जल्द शुरू होने वाला है। इन जोनल ऑफिस में जनता की सुविधा के लिए ई-सुविधा केंद्र तो रहेंगे ही, साथ ही बुजुर्गों के लिए भी विशेष सुविधा रहेगी।
-अमरेंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता, स्मार्ट सिटी सहारनपुर।