सहारनपुर। वरिष्ठ भाजपा नेत्री और पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर ने एक बार फिर पार्टी पदाधिकारियों पर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्ट कर शशिबाला पुंडीर ने अपना दर्द बयां किया।
दरअसल, बुधवार को मिशन कंपाउंड स्थित खेमका सदन में भाजपा के सहारनपुर लोकसभा प्रत्याशी राघव लखनपाल शर्मा की नामांकन सभा में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक आए थे। पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर भी कार्यक्रम में गई थीं। उनको एक कार्यकर्ता मंच पर ले गया, लेकिन मंच पर उनको सम्मान नहीं मिला, जिसकी वजह से उन्हें नीचे उतरना पड़ा और वह घर लौट आईं। शशिबाला पुडीर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैंने भाजपा के कार्यक्रमों के मंचों पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह का भी अपमान होते देखा है। सहारनपुर की जनसभा में मेरे साथ भी वही हुआ। प्रत्याशी राघव लखनपाल के आग्रह पर मैं खेमका सदन में सभा में पहुंची थी। मुझे यह दुख है कि पूरे पश्चिम में एक भी टिकट राजपूत समाज के प्रत्याशी को नहीं दिया गया है। मैं सम्मान के साथ जीती हूं। मैं चुनाव में भाग नहीं लूंगी। मैं और मेरा परिवार भाजपा को वोट करेगा। शशिबाला पुंडीर की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।