छुटमलपुर(सहारनपुर)। पूर्व विधायक महावीर राणा पंचतत्व में विलीन हो गए। उनका अंतिम संस्कार हजारों लोगों की भीड़ के बीच पैतृक गांव जीवाला में किया गया। मुखाग्नि उनके बेटे अभय राणा ने दी। इस दौरान पूरा वातावरण महावीर राणा अमर रहे के नारों से गूंजता रहा।
मंगलवार सुबह सहारनपुर अहमद बाग स्थित आवास से शव यात्रा पैतृक गांव जीवाला के लिए चली। गांव स्थित आवास पर पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया। जहां बड़ी संख्या में पहुंचे राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्र की हस्तियों के साथ ही समर्थकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। दोपहर एक बजे दिवंगत पूर्व कैबिनेट मंत्री जगदीश सिंह राणा की समाधि के बराबर में महावीर राणा के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सैनी, लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह, सहारनपुर महापौर डाॅ. अजय सिंह, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने पुष्प चक्र अर्पित किए।
अंतिम यात्रा में बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान, विधायकों में नकुड़ के मुकेश चौधरी, गंगोह के कीरत सिंह, सहारनपुर नगर के राजीव गुंबर, बेहट के उमर अली खान, सहारनपुर देहात के आशु मलिक, एमएलसी शाहनवाज खान, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष चौ. मांगेराम, पूर्व मंत्री सुरेश राणा के अनुज नरेश राणा, पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता इमरान मसूद, मसूद अख्तर, पूर्व विधायक शशिबाला पुंडीर, मामचंद लांबा, जगपाल सिंह, पूर्व मंत्री साहब सिंह सैनी, पूर्व मंत्री शायान मसूद, सरफराज खान, पूर्व एमएलसी हेमसिंह पुंडीर, साहब सिंह पुंडीर, डीसीडीएफ के चेयरमैन सोनेंद्र राणा और अधिकारी शामिल रहे।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दी श्रद्धांजलि
सोमवार की देर शाम सहारनपुर अहमद बाग स्थित आवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, कैराना सांसद प्रदीप चौधरी सहित जिले भर के भाजपा नेताओं ने महावीर राणा के पार्थिव शरीर पर पुष्प चढ़ा कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महावीर राणा के निधन से पार्टी को क्षति पहुंची है। पार्टी नेता उनके अधूरे सपनों और विकास कार्यों को पूरा कराने का काम करेंगे। उन्होंने महावीर राणा के बेटे अभय राण और भाई हेम सिंह राणा को ढांढ़स बंधाया।