बेहट विधायक उमर अली खान को मांग पत्र देते वन गुर्जर
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर, मिर्जापुर। शिवालिक प्रभाग की बादशाही बाग वन रेंज में वन गुर्जर ट्राइबल युवा संगठन के बैनर तले वन गुर्जरों की बैठक आहूत की गई। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद फजलुर्रहमान एवं बेहट विधायक उमर अली खान को अपनी समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा गया।
बैठक में संगठन सचिव शमशाद बानिया ने कहा कि शिवालिक पहाड़ियों में रह रहे वन गुर्जरों को सरकार की तरफ से कोई भी सुविधा नहीं दी जा रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने गजट प्रकाशित कर वन और पहाड़ी क्षेत्र आर्मी को फायरिंग के लिये दिया है, जबकि इन वन क्षेत्रों में क़रीब 1800 वन गुर्जर परिवार रह रहे हैं जो सभी परमिट धारी हैं। इन सबका गुजर बसर इन वनों में रहकर मवेशी पालन से ही चलता है परंतु सरकार ने इन सबसे बिना कोई बातचीत किये इन सबको बेघर करने की योजना बना दी।
वन गुर्जर गुलाम नबी ने कहा कि पूर्व में भी आर्मी की फायरिंग के दौरान यहां हादसे और एक वन गुर्जर महिला की मौत हो चुकी है। परंतु इस और कोई ध्यान नहीं दिया गया। सभी ने सर्वसम्मति से सांसद फजलुर्रहमान एवं विधायक उमर अली खान से मांग की कि उनकी परेशानी और गुजर बसर के अन्य कोई भी साधन न होने की बात शासन प्रशासन तक पहुंचा कर उनकी मदद करें। बैठक में संगठन उपाध्यक्ष अमन चेची, अमीर हमजा, मोहम्मद इसहाक, हाजी अब्दुल करीम, हाजी सफरदिल, लोक जमाल, आजाद और मोहम्मद रफी आदि रहे।