-इफ्तार और सहरी के दौरान हो रही बड़ी परेशानी
- पड़ोसियों के सबमर्सिबल से पानी मांग कर कर रहे गुजारा
- महानगर के वार्ड 66 में पेयजल की पाइप लाइन फटी
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पेयजल की लाइन फटी होने के कारण बीते पांच दिन से पांच हजार परिवार पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। खास बात यह है कि सभी परिवार रोजेदारों के हैं, जिनको सहरी और इफ्तार के समय पानी नहीं मिलने से समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वह पड़ोसियों के घरों में लगेे सबमर्सिबल से पानी लेकर गुजारा कर रहे हैं।
महानगर के वार्ड 66 में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए लाइन बिछाई जा रही है। लाइन भूमिगत करने के लिए मशीन से ड्रिल किया जा रहा है। इसकी वजह से कई जगह पेयजल की पाइप लाइनें फट गई हैं। वार्ड 66 के कमेला क्षेत्र में नहर किनारे पाइपलाइन फटी होने के कारण आगे पानी नहीं पहुंच रहा। इस कारण एकता कॉलोनी, चांद कॉलोनी, कमेला कॉलोनी, इनाम कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी के करीब पांच हजार परिवारों को पांच दिनों से पानी नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वह कई दिन से शिकायत करना चाह रहे हैं, लेकिन नगर निगम में अवकाश होने के कारण शिकायत दर्ज नहीं हो सकी है। सहरी और इफ्तार के समय पानी की सबसे अधिक जरूरत रहती है जिसके लिए भी पानी पड़ोसियों से मांगना पड़ रहा है। इसके अलावा दिन के कार्य जैसे नहाना, कपड़े धुलना जैसे कार्य भी प्रभावित हैं। निवर्तमान पार्षद गुलशेर की शिकायत पर अब पांच दिन बाद नगर निगम की टीम लाइन को जोड़ने के लिए पहुंची है।
-
स्थानीय लोगों की बात
निवर्तमान पार्षद गुलशेर ने बताया कि पाइपलाइन फटी होने के कारण करीब पांच हजार परिवार कई दिन से परेशान हैं। कई बार फोन करने के बाद नगर निगम की टीम लाइन को जोड़ने के लिए शनिवार को पहुंची है।
मुजम्मिल ने बताया कि पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। कई कॉलोनियों के लोग परेशान हैं। रमजान का माह चल रहा है, जिसमें विभिन्न जरूरतों के लिए पानी की अधिक आवश्यकता रहती है।
मोहम्मद अफजल का कहना है कि कई दिनों से पानी नहीं आने के कारण बहुत परेशानी हो रही है। जिन लोगों के घरों में सबमर्सिबल लगा है सहरी और इफ्तार के दौरान वह टोंटी में पाइप लगाकर घर के बाहर पानी बांट रहे हैं।
आसिफ ने बताया कि नहर के किनारे-किनारे बिछी पाइपलाइन से कई कॉलोनियों में पानी की आपूर्ति होती है। पांच दिन से लाइन फटी है, जिसके कारण हजारों घरों में पानी नहीं है। लोग बेहद परेशान हैं।
-
शिकायत मिलते ही टीम को भेजा-जेई
संबंधित क्षेत्र के जल कल विभाग के अवर अभियंता विनीत राणा ने बताया कि उन्हें शनिवार को ही लाइन फटे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम को मौके पर भेज कर लाइन को चालू कराया जा रहा है। उनका कहना है कि हो सकता है पूर्व के दिनों में भी शिकायत की गई हो, लेकिन उन्हें सूचना शनिवार को ही मिली।