-खोखले साबित हो रहे दावे, जिले में लगातार पांव पसार रहा डेंगू
-अभी तक बच्चे, महिला समेत 30 लोगों में हो चुकी है डेंगू की पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। जिले में डेंगू का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को 70 साल के बुजुर्ग सहित डेंगू के पांच और नए मरीज मिले हैं। जिनकी पुष्टि राजकीय मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में आई। अभी तक बच्चे, महिला सहित 30 लोगों को डेंगू हो चुका है।
बरसात से पहले डेंगू नियंत्रण के प्रयास शुरू हो जाते हैं। इसलिए शासन भी विशेष संचारी रोग नियंत्रण और घर-घर दस्तक अभियान लगातार चलवाता है। इसके बाद भी जिले में मलेरिया विभाग के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे। काष्ठनगरी के लोगों को डेंगू का डंक लग रहा है।
बुड्ढाखेड़ा, कुंडी मौज्जा, नया नगली, शहर की हबीब कालोनी और अंकित विहार कालोनी में डेंगू के पांच मरीज मिले हैं। इन्होंने अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर दिखाया था, जहां से चिकित्सकों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने डेंगू के लक्षण दिखाई दिए तो उनकी जांच कराई। रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि डेंगू की रोकथाम के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अभी तक 30 मामले सामने आए हैं।
गूगल पर बीमारी लिखकर दवा सर्च न करें, चिकित्सकों को दिखाएं
सहारनपुर। आई फ्लू के बाद अब डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में कुछ लोग गूगल पर सर्च कर बीमारी की दवा सर्च कर रहे हैं। वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि बुखार लंबे समय तक बना हुआ तो लापरवाही न बरतें और न ही गूगल पर बीमारी लिखकर दवा सर्च करें। डेंगू की पुष्टि होेने पर चिकित्सक को दिखाएं।