एक किशोर अभी भी लापता, एनडीआरएफ का रेस्क्यू जारी
बुधवार को नदी में पलटी थी श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राॅली
बागड़ जाने से पूर्व रिश्तेदारी में जा रहे थे 40 श्रद्धालु
- बोंदकी में हुआ था हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में बागड़ जाने से पूर्व चॉब लेकर रिश्तेदारों के यहां जा रहे श्रद्धालु की ट्रैक्टर-ट्राॅली ढमोला नदी में पलटने के मामले में मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नौ हो गई है। पांच श्रद्धालुओं के शव बृहस्पतिवार को पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर निकाले हैं, जबकि एक किशोर अभी भी लापता है। जिसकी तलाश की जा रही है। बुधवार को मौके पर चार की मौत हो गई थी। छह श्रद्धालु नदी में बह गए थे। सभी मृतक गांव बालावाली उर्फ बालेली के रहने वाले हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बुधवार को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बालेली के करीब 40 ग्रामीण बॉगड़ जाने से पूर्व ट्रैक्टर-ट्राॅली से रिश्तेदारी में बेहट क्षेत्र के गांव रंडौल जा रहे थे। वह जब देहात कोतवाली क्षेत्र में गांव बोंदकी के पास पहुंचे तो बरसात की वजह से ढमोला नदी के रपटे में तेज पानी के बहाव में ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित हो पलट गई। हादसे में बालेली निवासी मंगलेश (55), उसकी पाेती आदिति (तीन), टीना (13), सुलोचना (58) की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि सेठपाल और मांगेराम सहित कई लोग घायल हुए थे। छह श्रद्धालु बहाव में बह गए थे।
बृहस्पतिवार को पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने गांव बोंदकी में ढमोला नदी से नितीश (आठ) पुत्र राहुल, अक्षय (20) पुत्र महीपाल, कामिनी (12) पुत्री पवन, किरण (30) पत्नी धर्मवीर , एकता (14) पुत्री धर्मवीर के शव को निकाला है, जबकि सौरभ (12) पुत्र धर्मवीर लापता चल रहा है। एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रहीं हैं। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हादसे में अभी तक नौ लोगों की मौत हुई है। एक किशोर अभी लापता है। वहीं, नौ लोगों की मौत से गांव बालेली में कोहराम मचा है। पूरा गांव शोक में डूबा है।