सहारनपुर। मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए विभाग विभिन्न योजनाएं चला रहा है। इनके तहत मत्स्य पालकों को अनुदान दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों के चयन के लिए 31 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं। सहायक निदेशक मत्स्य डॉक्टर मुक्ता सिंह ने बताया कि मत्स्य बीज हैचरी की स्थापना के लिए 25 लाख रुपये प्रति यूनिट, निजी भूमि पर तालाब निर्माण के लिए सात लाख प्रति यूनिट, बायोफ्लॉक तालाब निर्माण योजना में 14 लाख रुपये प्रति यूनिट, आठ टैंक क्षमता का आरएएस के लिए 50 लाख प्रति यूनिट, मोटर साईकिल विद आइस बॉक्स के लिए 75 हजार एवं साईकिल विद आइस बॉक्स के लिए 10 हजार रूपये प्रति यूनिट दिये जाएंगे। योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी के पास निजी भूमि की उपलब्धता होनी चाहिए। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में निजी क्षेत्र में तालाब निर्माण कर जल जीव पालन के लिए 8.50 लाख रुपये प्रति हैक्टेयर की दर से उस लाभार्थी को दिए जाएंगे। जिनके पास निजी भूमि की उपलब्धता हो और बंधक ना हो। इनमें सामान्य एवं अन्य पिछडा वर्ग के लाभार्थियों को 40 प्रतिशत अनुदान और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं महिला लाभार्थियों को 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।